प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का प्रसारण शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देशवासियों से जुड़ रहे हैं और विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'मन की बात, समाज के हर वर्ग, देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है और इसमें हम समाज के सामने मौजूद चुनौतियों की बात करते हैं, लोगों को जागरुक भी करते हैं | आज 'मन की बात' में, मैं सबसे पहले ऐसा ही एक विषय उठा रहा हूं और वो है 'ड्रग्स' यानी 'नशे की लत' । साथियो, आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है। हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन, युवाओं के इन सपनों के सामने ड्रग्स, नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है। मुझे संतोष है कि आज देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है । 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी जोरों पर चल रहा है | ऐसे कितने ही प्रेरक उदाहरण हमारे सामने आ रहे हैं जहां युवाओं ने अपनी इच्छा शक्ति से नशे की लत को हराया है, कठिन से कठिन परिस्थियों से लड़ाई लड़ करके बाहर निकले हैं। वे खुद से लड़े हैं और अपने जीवन को एक नई दिशा दी है। विज्ञापन पीएम मोदी बोले- सरकारी कर्मचारी भी सीख रहे नई तकनीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में सरकारी कर्मचारियों के सीखने के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन में जब भी हम कुछ नया सीखते हैं, तो हमें एक अलग ही आनंद की अनुभूति होती है और सीखने की तो कोई उम्र भी नहीं होती। आज, मैं, आपसे देश के उन लाखों सरकारी कर्मचारियों की बात करना चाहता हूं, जिनमें कुछ नया सीखने का उत्साह देखने को मिल रहा है। इनमें से कई लोग 20-25 वर्षों से सरकारी सेवा में हैं। इतना लंबा अनुभव होने के बावजूद ये अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए कुछ नया सीखने के लिए भी समय निकाल रहे हैं, और इसके लिए वो, एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद ले रहे हैं। इसका नाम है 'आईगॉट कर्मयोगी' (IGOT कर्मयोगी)। इस प्लेटफॉर्म पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारियों ने अनेकों कोर्स पूरे किए हैं | कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रहा है, तो कोई भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहा है। एआई और नई तकनीक की पढ़ाई को लेकर हमारे कर्मयोगियों में, मैं, विशेष उत्साह देख रहा हूं। इससे जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स ऐसे हैं इनमें सवा-तीन करोड़ से ज्यादा कोर्स पूरा हो चुके हैं। विज्ञापन पीएम मोदी ने खोया मोबाइल ढूंढने का बताया इसका तरीका प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'जरा सोचिए आपका मोबाइल फोन कहीं खो जाए तो कितनी परेशानी होती है। मोबाईल में आपके कॉन्टैक्ट्स हैं, फोटोज हैं, जरूरी डॉक्यूमेंट्स हैं, और, न जाने कितनी जरूरी जानकारियां भी हैं। एक बार फोन खो जाए, तो उसे वापस पाने की उम्मीद भी धीरे-धीरे कम होने लगती है - लेकिन अब ऐसा नहीं है। आपका खोया हुआ मोबाइल फोन आपको वापिस मिल सकता है और इसमें भारत सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म आपकी बहुत बड़ी मदद कर सकता है। उस प्लेटफॉर्म का नाम है 'संचार साथी'। विज्ञापन विज्ञापन उन्होंने आगे बताया कि आखिर 'संचार साथी' काम करता कैसे है? दरअसल, हर मोबाइल फोन की अपनी एक खास पहचान होती है इसे I.M.E.I. नंबर कहते हैं। 'संचार साथी' इसी पहचान की मदद से आपके खोए हुए मोबाइल को तलाशने में मदद करता है। आप पुलिस में शिकायत करने के साथ ही 'संचार साथी' पर अपने मोबाइल का I.M.E.I. नंबर और कुछ जरूरी जानकारियां देकर उसे ब्लॉक करा सकते हैं। इसके बाद कोई व्यक्ति उसमें नया SIM डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। साइबर ठगी भी रोकने में मददगार है संचार साथी- पीएम मोदी पीएम ने कहा कि 'संचार साथी' हमें एक-दूसरे की मदद करने का अवसर भी देता है। मान लीजिए आपके पास कोई फोन आया, किसी ने धोखाधड़ी करने के लिए आपसे OTP मांगा | आप समझ गए कि ये कोई ठग है, आपने फोन काट दिया। लेकिन जिस ठग से आप बच गए, हो सकता है, उसकी अगली कॉल किसी ऐसे बुजुर्ग के पास जाए, जो उसके झांसे में आ जाए। ऐसे में आप 'संचार साथी' पर उस संदिग्ध कॉल की जानकारी जरूर दें। पुणे में रहने वाले हिमांशु सिंह जी ने ऐसे ही 300 से ज्यादा नंबरों को 'संचार साथी' पर रिपोर्ट किया था | उनके प्रयास से पिछले एक साल में करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द करवाने में मदद मिली है | ऐसे ही आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में रहने वाले विवेक अल्हरी जी हैं | एक सतर्क नागरिक की भूमिका निभाते हुए उन्होंने संचार साथी पर 900 से ज्यादा फ्रॉड नंबर साझा किए | उनके प्रयास से करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन काटने में मदद मिली है। आप भी इनसे जरूर सीखें । आपकी इस छोटी सी कोशिश से, देश के किसी दूसरे कोने में, किसी परिवार की जीवन-भर की कमाई बच सकती है। साथियो 'संचार साथी' से हमारा बैंक, पेमेंट एप, टेलीकॉम कंपनियां और पुलिस समेत 1600 से ज्यादा संस्थान जुड़े हुए हैं। इससे साइबर ठगी के कई प्रयासों को समय रहते नाकाम करने में मदद मिल रही है। इस व्यवस्था की मदद से अब तक 5 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के संभावित नुकसान को रोका गया है। ये एप 23 भाषाओं में उपलब्ध है और इसका इस्तेमाल करना बहुत आसान है। आप भी 'संचार साथी' के बारे में ज्यादा-से-ज्यादा लोगों को बताइए। हमारी छोटी-छोटी सावधानियां डिजिटल दुनिया को हम सभी के लिए और सुरक्षित बना सकती हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
Journalistic Attribution: Reported via अमर उजाला - ब्रेकिंग न्यूज़ for public informational purposes under Fair Use. Read the original primary report →
Copyright of original reporting belongs to अमर उजाला - ब्रेकिंग न्यूज़. Contact support@cubiqinfotech.com for DMCA inquiries.