आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार के सपोर्ट में मोर्चा संभाल लिया है. संसद के आगामी सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों के पेश होने की संभावना के बीच नायडू खुद NDA के सहयोगी दलों के साथ समन्वय कर रहे हैं. उन्होंने आंध्र प्रदेश से NDA के सभी सांसदों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की और संसद सत्र की तैयारियों पर चर्चा की.
इस टेलीकॉन्फ्रेंस में TDP, जनसेना और BJP के सांसद शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने सांसदों के साथ परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. उन्होंने सभी सांसदों को निर्देश दिया कि वे आज शाम तक हर हाल में नई दिल्ली पहुंच जाएं, ताकि संसद सत्र से पहले जरूरी रणनीतिक चर्चा और समन्वय किया जा सके.
चंद्रबाबू नायडू निजी रूप से सहयोगी दलों के सांसदों से संपर्क कर रहे हैं. आंध्र प्रदेश में TDP, जनसेना और BJP मिलकर सरकार चला रहे हैं. केंद्र में भी TDP NDA की प्रमुख सहयोगी पार्टी है. ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मुद्दों पर राज्य के NDA सांसदों की एकजुटता अहम मानी जा रही है.
परिसीमन का मुद्दा देश की चुनावी राजनीति और राज्यों के प्रतिनिधित्व से सीधे जुड़ा हुआ है. परिसीमन के जरिए लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा.
केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है. इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना है. इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए सीटों की संख्या, तथा राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी. साथ ही, इन संशोधित सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक के लिए फ्रीज कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: LIVE: चेन्नई पहुंचे INDIA ब्लॉक के नेता, इधर मां को देखने अस्पताल पहुंचे स्टालिन
लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से फिर शुरू होगी. ये बैठकें 3 दिसंबर को समाप्त होंगी.
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के अनुसार, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे. इसके अलावा, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा को भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है.
Journalistic Attribution: Reported via आज तक - मुख्य समाचार for public informational purposes under Fair Use. Read the original primary report →
Copyright of original reporting belongs to आज तक - मुख्य समाचार. Contact support@cubiqinfotech.com for DMCA inquiries.