परिसीमन को लेकर देश में बहस तेज है. इस बीच दुनिया के बड़े लोकतंत्रों में एक सांसद के जिम्मे कितनी आबादी है, इसकी तुलना भारत की स्थिति को समझने का एक अहम पैमाना देती है. भारत में एक लोकसभा सांसद करीब 26.3 लाख नागरिकों का प्रतिनिधित्व करता है. यह आंकड़ा अमेरिका के मुकाबले करीब 3.3 गुना ज्यादा है.
मालूम हो, अमेरिका में एक सांसद के जिम्मे करीब 8.02 लाख लोगों की आबादी है. इस तुलना में आइसलैंड सबसे नीचे है. दरअसल, वहां एक सांसद करीब 6.39 हजार लोगों का प्रतिनिधित्व करता है. वहीं भारत इस लिस्ट में सबसे ज्यादा आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों में है.
भारत की आबादी करीब 142 करोड़ है और लोकसभा में 543 निर्वाचित सांसद हैं. इस हिसाब से एक सांसद के जिम्मे करीब 26.3 लाख नागरिक आते हैं. अमेरिका की आबादी करीब 34.90 करोड़ है. वहां प्रतिनिधि सभा में 435 सदस्य हैं. यानी US में एक सांसद के जिम्मे औसतन करीब 8.02 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व है.
यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर चंद्रबाबू नायडू ने संभाला मोर्चा, NDA सांसदों को हर हाल में दिल्ली पहुंचने के निर्देश
ब्राजील में 21.36 करोड़ आबादी के लिए 513 सांसद हैं. यहां एक सांसद करीब 4.16 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है. जापान में 12.24 करोड़ आबादी और 465 सांसद हैं. वहां यह आंकड़ा करीब 2.63 लाख है. वहीं ताइवान में एक सांसद के जिम्मे करीब 2.04 लाख, ऑस्ट्रेलिया में 1.82 लाख और दक्षिण अफ्रीका में 1.64 लाख लोग हैं.
यूरोप के बड़े लोकतंत्रों में भी एक सांसद के जिम्मे आबादी भारत से काफी कम है. इटली में 400 सांसदों पर करीब 5.89 करोड़ आबादी है. यहां एक सांसद करीब 1.47 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है.
जर्मनी में 630 सांसदों के लिए 8.36 करोड़ आबादी है. एक सांसद के जिम्मे करीब 1.33 लाख लोग आते हैं. नीदरलैंड में यह आंकड़ा करीब 1.23 लाख, फ्रांस में 1.20 लाख, कनाडा में 1.18 लाख और ब्रिटेन में करीब 1.08 लाख है.
यह भी पढ़ें: 'ये वही भाई हैं जिनकी पीठ में आपने छुरा घोंपा', राहुल गांधी की पोस्ट पर DMK का जवाब
Journalistic Attribution: Reported via आज तक - मुख्य समाचार for public informational purposes under Fair Use. Read the original primary report →
Copyright of original reporting belongs to आज तक - मुख्य समाचार. Contact support@cubiqinfotech.com for DMCA inquiries.