तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 28 नवंबर का दिन बेहद अहम होने वाला है. यहां दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है. इस विवाद में कभी प्रशासन ने दीप जलाने की अनुमति नहीं दी, तो कभी मामला अदालतों तक पहुंचा. पहाड़ी के मालिकाना हक से लेकर दीप जलाने की जगह तक को लेकर अलग-अलग समय पर कानूनी लड़ाई चली.
अब यह विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है. सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर को 20 नवंबर के अपने आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु सरकार और प्रशासन पर कड़ी नाराजगी जताई. कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों और मंदिर ट्रस्टियों को अवमानना नोटिस जारी किया और उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया.
सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम के दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही मंदिर और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य पुलिस के बजाय सीआरपीएफ को सौंपी गई है. कोर्ट के इस फैसले का बीजेपी और दूसरे हिंदू संगठनों ने स्वागत किया है, जबकि तमिलनाडु सरकार और उसके सहयोगी दलों के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है.
लेकिन आखिर दीपथून पर दीप जलाने को लेकर इतना पुराना विवाद क्या है? इस विवाद की शुरुआत कहां से हुई? मंदिर और दरगाह के बीच इसे लेकर क्या मामला है और अदालतों में अब तक क्या-क्या हुआ? आइए 1862 से शुरू हुई इस पूरी कानूनी और धार्मिक लड़ाई को समझते हैं.
मदुरै में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर ‘कार्तिगई दीपम’ की खास रस्म निभाई जाती है. इस दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में बने एक पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाया जाता है. इसी स्तंभ को ‘दीपथून’ कहा जाता है. पहाड़ी पर जलने वाला यह दीप इस रस्म का अहम हिस्सा माना जाता है और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
विवाद तब बढ़ा जब हिंदू पक्ष की ओर से दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग की गई, लेकिन तमिलनाडु सरकार की ओर से इसकी अनुमति नहीं दी गई. इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा. हाईकोर्ट ने हिंदू पक्ष के पक्ष में फैसला सुनाते हुए दीपथून पर दीप जलाने का आदेश दिया. तमिलनाडु सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी.
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने का आदेश दिया गया. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया. इसके बजाय उचिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक जगह पर दीप जलाया गया. इसके बाद विवाद और बढ़ गया और मामला दोबारा सुप्रीम कोर्ट पहुंचा.
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद नया नहीं है. यह मामला अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह से भी जुड़ा हुआ है. मंदिर पहाड़ी के नीचे स्थित है, जबकि दरगाह और दीपथून पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में हैं.
Journalistic Attribution: Reported via आज तक - मुख्य समाचार for public informational purposes under Fair Use. Read the original primary report →
Copyright of original reporting belongs to आज तक - मुख्य समाचार. Contact support@cubiqinfotech.com for DMCA inquiries.