बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 1971 की आजादी की लड़ाई का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश आजाद नहीं हुआ होता, तो आज वहां के लोगों को पाकिस्तानी सेना के जूतों की ठोकरें खानी पड़तीं.
हसीना ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार मुक्ति संग्राम में हिस्सा लेने वाले लोगों को निशाना बना रही है. उन्होंने जेलों में बंद लोगों के साथ मारपीट, उन्हें इलाज न देने और हिरासत में मौतों के भी आरोप लगाए.
हसीना ने ये बातें बांग्लादेश अवामी लीग के ऑनलाइन कार्यक्रम 'दयामुक्ति लाइव' के 98वें एपिसोड में कहीं. यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुआ. इसमें अवामी लीग के सदस्यों और राजनीतिक हिंसा से प्रभावित लोगों के परिवारों ने अपनी बातें रखीं.
हसीना ने कहा कि हिरासत में हुई मौतें कोई अकेली घटनाएं नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि कई लोगों को जेल में बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और बाद में उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश हिंसा में अवामी लीग के कार्यकर्ता की मौत, शेख हसीना की वापसी से पहले बवाल जारी
शेख हसीना ने आरोप लगाया कि हिरासत में रखे गए लोगों को इलाज नहीं दिया जा रहा है. कई मामलों में परिवारों को भी उनकी मौत की जानकारी नहीं दी गई. उन्होंने ढाका के रामपुरा और बंगशाल जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं अलग-अलग जगहों पर हो रही हैं.
हसीना ने कहा कि देश में लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं. बांग्लादेश की आजादी के इतिहास को मिटाने की कोशिश की जा रही है. अगर देश आजाद नहीं हुआ होता, तो किसी को प्रधानमंत्री बनने का मौका भी नहीं मिलता और लोगों को पाकिस्तानी सेना की ज्यादती सहनी पड़ती.
हसीना ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल रहे एक सेनानी की हत्या का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि मैमनसिंह जिले के धुबौरा में शेख हुसैन अली नाम के एक स्वतंत्रता सेनानी की हत्या कर दी गई और उनका शव पेड़ से लटका दिया गया.
Journalistic Attribution: Reported via आज तक - मुख्य समाचार for public informational purposes under Fair Use. Read the original primary report →
Copyright of original reporting belongs to आज तक - मुख्य समाचार. Contact support@cubiqinfotech.com for DMCA inquiries.